किसान आंदोलन Update… इन मांगों को लेकर डटे हैं किसान..

Kisan Andolan :सरकार और किसानों में आज फिर होगी वार्ता, ट्रेनें रोकेंगे और टोल नाका फ्री करेंगे आंदोलनकारी.

पंजाब किसान मजदूर संघर्ष समिति के महासचिव सरवन सिंह पंधेर और संयुक्त किसान मोर्चा के नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार की बैठक के लिए उन्हें सरकार की तरफ से पत्र के जरिये न्योता मिला है।

दिल्ली कूच के लिए निकले पंजाब के किसानों और सुरक्षाबलों के बीच टकराव के चलते शंभू और दातासिंह वाला सीमा पर तनाव बना हुआ है। बुधवार को दूसरे दिन भी किसानों व सुरक्षाबलों में कई बार झड़पें हुईं। किसानों ने जैसे ही हरियाणा में घुसने की कोशिश की, तो सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले व रबर की गोलियां दागकर उन्हें रोक दिया। दातासिंह वाला सीमा पर रबर की गोलियाें से पांच किसान घायल हैं। सरकार व किसानों में चंडीगढ़ में बृहस्पतिवार शाम पांच बजे तीसरे दौर की वार्ता होगी। किसानों ने बैठक तक दिल्ली मार्च रोक दिया है, लेकिन हरियाणा की सीमाओं पर 25 हजार से अधिक किसान जमे हुए हैं।

जींद के दातासिंह वाला सीमा पर बुधवार को किसानों ने दोपहर में सीमा पर लगाए कंटीले तार उखाड़ दिए। सुबह किसानों ने सड़क पर लगाई कीलों को भी उखाड़ दिया था। बैरिकेडिंग के पास तैनात सुरक्षाकर्मियों पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव भी किया। किसानों ने अपने बीच बैठे सीआईडी कर्मचारी सत्येंद्र पाल सिंह को बंधक बना लिया। वह उनकी रणनीति जानने का प्रयास कर रहा था। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले, पानी की बौछार और रबर की गोलियां तक चलाईं। बुधवार को भी ड्रोन से आंसू गैस के गोले किसानों पर गिराए गए। वहीं, पंजाब के सीएम भगवंत मान ने हरियाणा के सीएम मनोहरलाल से कहा कि वह किसानों को दिल्ली जाने दें।

सरकार से मिला वार्ता का न्योता
पंजाब किसान मजदूर संघर्ष समिति के महासचिव सरवन सिंह पंधेर और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार की बैठक के लिए उन्हें सरकार की तरफ से पत्र के जरिये न्योता मिला है। किसान सरकार से टकराव नहीं चाहते और वार्ता के लिए तैयार हैं। बैठक में किसानों की तरफ से ये दोनों नेता शामिल होंगे, जबकि केंद्र की तरफ से मंत्री पीयूष गोयल, अर्जुन मुंडा और नित्यानंद राय शामिल होंगे। सोमवार को चंडीगढ़ में ही किसानों के साथ हुई दूसरे दौर की वार्ता में गोयल और मुंडा शामिल थे।
वहीं, किसानों के साथ तीसरे दौर की वार्ता से पहले नई दिल्ली में बुधवार को केंद्रीय मंत्रियों की बैठक हुई। इसमें मुंडा के साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कुछ अन्य मंत्री शामिल थे। राजनाथ सिंह पहले कृषि मंत्री रह चुके हैं। बैठक में किसानों के मुद्दे पर समाधान निकालने पर चर्चा की गई।

इन मांगों को लेकर डटे हैं किसान..

1. किसानों की सबसे खास मांग न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के लिए कानून बनना है.

2. किसान स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने की मांग भी कर रहे हैं.

3. आंदोलन में शामिल किसान कृषि ऋण माफ करने की मांग भी कर रहे हैं.

4. किसान लखीमपुर खीरी हिंसा के पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं

5. भारत को डब्ल्यूटीओ से बाहर निकाला जाए.

6. कृषि वस्तुओं, दूध उत्पादों, फलों, सब्जियों और मांस पर आयात शुल्क कम करने के लिए भत्ता बढ़ाया जाए.

7. किसानों और 58 साल से अधिक आयु के कृषि मजदूरों के लिए पेंशन योजना लागू करके 10 हजार रुपए प्रति माह पेंशन दी जाए.

8. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में सुधार के लिए सरकार की ओर से स्वयं बीमा प्रीमियम का भुगतान करना, सभी फसलों को योजना का हिस्सा बनाना और नुकसान आकलन करते समय खेत एकड़ को एक इकाई के रूप में मानकर नुकसान का आकलन करना.

9. भूमि अधिग्रहण अधिनियम, 2013 को उसी तरीके से लागू किया जाना चाहिए और भूमि अधिग्रहण के संबंध में केंद्र सरकार की ओर से राज्यों को दिए गए निर्देशों को रद्द किया जाना चाहिए.

10. कीटनाशक, बीज और उर्वरक अधिनियम में संशोधन करके कपास सहित सभी फसलों के बीजों की गुणवत्ता में सुधार किया जाए.

कीलों और कंटीले तारों की बैरिकेडिंग, 15 जिलों में धारा 144 लागू..

सुरक्षाबलों की तैयारी से नहीं बढ़ सके किसान
अंबाला में शंभू सीमा पर भी दिनभर सुरक्षाबलों व किसानों में झड़प होती रही। रास्ते के अवरोधक हटाते किसानों पर सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले और रबर की गोलियां बरसाईं। यहां सुबह के समय ही बड़ी संख्या में किसान पहुंच गए थे। सुरक्षाबलों की जबरदस्त तैयारी के कारण किसान आगे नहीं बढ़ सके।

आज ट्रेनें रोकेंगे, टोल नाका फ्री करेंगे
किसानों के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में भारतीय किसान यूनियन-एकता उगराहां ने बृहस्पतिवार को पंजाब में ट्रेनें रोकने की घोषणा की है। साथ ही, संयुक्त किसान मोर्चा की 34 जत्थेबंदियों ने 15 फरवरी को सुबह 11 बजे से 2 बजे तक टोल प्लाजा फ्री कराने का एलान किया है।

Mohan Singh
Mohan Singh
Articles: 23

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *