
कोरोनावायरस के चलते आज एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी ने 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज का ऐलान किया. उन्होंने कहा, ‘20 लाख करोड़ रुपये का यह पैकेज 2020 में देश की विकास यात्रा को आत्मनिर्भर भारत अभियान को नई गति देगा. इस पैकेज में आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी क्षेत्रों पर बल दिया गया है. ये आर्थिक पैकेज हमारे कुटीर उद्योग, लघु उद्योग और मंझोले उद्योग के लिए हैं, जो करोड़ों लोगों की आजीविका का साधन हैं, जो आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का मजबूत आधार हैं.’ इसके साथ आज की बड़ी खबरें इस प्रकार है।
राहुल ने श्रमिकों के खातों में 7500 रुपये भेजने की मांग की
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि वह गरीबों और श्रमिकों के खातों में 7,500 रुपये भेजने की घोषणा करें।
लद्दाख पूर्वी लद्दाख में तनाव, चीनी हेलीकॉप्टरों को देखा गया
भारत और चीन सीमा पर तनाव के बीच पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग त्सो झील क्षेत्र में देशों की सेना एक-दूसरे पर कड़ी निगरानी बनाए हुए है। सूत्रों ने इसकी पुष्टि की।
रेल यात्री सेवाएं बहाल, नई दिल्ली स्टेशन से दो रेलगाड़ियां रवाना
भारतीय रेल ने करीब 50 दिन बाद मंगलवार को अपनी यात्री सेवाओं को फिर से शुरू किया और दो रेलगाड़ियां नई दिल्ली से निर्धारित समय पर रवाना हुईं। इन दोनों रेलगाड़ियों में 2,299 यात्री सवार थे।
वंदे भारत मिशन के पहले पांच दिन के दौरान 31 उड़ानों से 6000 से अधिक भारतीयों को स्वदेश लाया गया
एअर इंडिया और उसकी सहयोगी एअर इंडिया एक्सप्रेस ने वंदे भारत अभियान के पहले पांच दिन के दौरान 31 उड़ानें संचालित की जिनसे लॉकडाउन के चलते विदेशों में फंसे 6,037 भारतीयों को देश में लाया गया। यह जानकारी नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने मंगलवार को दी।
‘लॉकडाउन’ असर: औद्योगिक उत्पादन मार्च महीने रिकार्ड 16.7 प्रतिशत गिरा
देश के औद्योगिक उत्पादन में मार्च महीने में रिकार्ड 16.7 प्रतिशत की गिरावट आयी। ‘लॉकडाउन’ (बंद) के कारण मुख्य रूप से खनन, विनर्माण और बिजली क्षेत्र के खराब प्रदर्शन की वजह से औद्योगिक उत्पादन घटा है।